महराजगंज – जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को मिठौरा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हरिहरपुर में महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत संचालित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और श्रमिकों की उपस्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले राजेंद्र प्रसाद के खेत से बाईपास रोड तक बनाए जा रहे संपर्क मार्ग पर चल रहे मिट्टी कार्य का औचक निरीक्षण किया। टीए द्वारा बताया गया कि यह कार्य लगभग 2 लाख 64 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है। मौके पर 30 मजदूर कार्यरत पाए गए, लेकिन जांच में केवल 6 मजदूरों के जॉब कार्ड पर ही विवरण अंकित मिला। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए शत-प्रतिशत श्रमिकों के जॉब कार्ड मौके पर उपलब्ध कराने और उन पर उपस्थिति सहित सभी आवश्यक विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने रमेश पटेल के खलिहान से बोदर पुल तक बनाए जा रहे संपर्क मार्ग का निरीक्षण किया। यह कार्य लगभग 1 लाख 68 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है, जहां निरीक्षण के समय 9 मजदूर कार्यरत पाए गए। जिलाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपायुक्त श्रम एवं रोजगार गौरवेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी राहुल सागर, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अंकित श्रीवास्तव, एपीओ शिवेंद्र सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।






