नियाज खान को मैन ऑफ द मैच, नवनीत पटेल को मिला मैन ऑफ द सीरीज का खिताब
महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर दो बल्लभ नगर स्थित तिवारी टोला में आयोजित SNT कप क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। खिताबी भिड़ंत में फारुख इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कप्तानगंज की टीम को पराजित कर गोल्डन ट्रॉफी अपने नाम कर ली। वहीं, कप्तानगंज की टीम उपविजेता रही।
फाइनल मुकाबले से पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में कप्तानगंज ने परतावल वारियर्स को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में फारुख इलेवन ने महराजगंज की टीम को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए नियाज खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने वाले महराजगंज टीम के कप्तान नवनीत पटेल को मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से सम्मानित किया गया।
फाइनल मुकाबले का टॉस हॉलमार्क ज्वेलर्स के प्रोपराइटर विष्णु सोनी ने चांदी के सिक्के से कराया। मैच में निर्णायक की भूमिका सतीश मिश्रा और मोनू खान ने निभाई। आलमगीर ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली, जबकि आर्यन गुप्ता और बदरे आलम ने कमेंट्री के जरिए खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक सुधीर कृष्ण त्रिपाठी, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, प्रज्ञेश कृष्ण त्रिपाठी, डॉ. उत्कर्ष कृष्ण त्रिपाठी, शुभ लक्ष्मी सिंह, प्रदीप मोदनवाल, कृष्णा महाजन, अरविंद यादव, अजय कुमार सैनी और रतन कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। आयोजन समिति के मुख्य संयोजक सतीश मिश्रा ने टूर्नामेंट की सफलता पर समिति के सदस्यों, नगरवासियों और खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, उपाध्यक्ष मोनू खान, कोषाध्यक्ष अजीत रावत, महामंत्री निजामुद्दीन और व्यवस्थापक अशोक रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







