सतीश मद्धेशिया बने चेयरमैन संघ के जिला महामंत्री, व्यापारियों ने जताई खुशी
महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया को चेयरमैन संघ का जिला महामंत्री बनाए जाने पर व्यापारियों में खुशी का माहौल है। गुरुवार को अखिल भारतीय युवा व्यापार मंडल नगर परतावल के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष बलराम गुप्ता के नेतृत्व में नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर उनका स्वागत किया।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सतीश मद्धेशिया को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई। इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने से व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने में मदद मिलेगी।
अध्यक्ष बलराम गुप्ता ने कहा कि सतीश मद्धेशिया को जिला महामंत्री बनाए जाने से व्यापारियों में उत्साह है। उनके अनुभव और सक्रियता का लाभ संगठन को मिलेगा। व्यापार मंडल व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके हितों के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।







