महराजगंज– निचलौल बस स्टेशन पर यात्रियों को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में भी यात्रियों को खुले आसमान के नीचे घंटों बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में न तो पर्याप्त बैठने की व्यवस्था है और न ही पेयजल एवं प्रसाधन जैसी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे यात्रियों में आक्रोश है।
बस स्टेशन पर अव्यवस्थाओं का हाल यह है कि पूरे परिसर में यात्रियों के बैठने के लिए केवल चार कुर्सियां रखी गई हैं। यात्रियों को अपने सामान और छोटे बच्चों के साथ सड़क के किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है। कड़ी धूप और उमस भरी गर्मी में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। स्टेशन परिसर में प्रसाधन की व्यवस्था न होने के कारण महिला यात्रियों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। कई यात्रियों ने बताया कि लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों के लिए शौचालय की अनुपलब्धता गंभीर समस्या बन चुकी है।
इसके अलावा बस स्टेशन पर पेयजल की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं है। गर्मी के मौसम में दूरदराज से आने वाले यात्रियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। यात्रियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल होने के बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी है।






